छत्तीसगढ़:- राजधानी में सुबह की हल्की ठंडक के बाद दोपहर की गर्मी लोगों को महसूस हो रही है। रविवार, 18 अक्टूबर को भी रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, दक्षिण छत्तीसगढ़ में पहुंच रही नमी से अगले चार दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
राजधानी में शाम को छा सकते हैं बादल
रायपुर में दिन की शुरुआत मुख्यतः साफ आसमान के साथ होने की संभावना है। दोपहर बाद या शाम तक आसमान में आंशिक बादल नजर आ सकते हैं। न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रायपुर लगातार तीसरे दिन प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान वाला शहर रहा।
नमी से दक्षिणी हिस्सों में बनेगी बारिश की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी का प्रवाह बना हुआ है। इसके असर से आगामी चार दिनों में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
तीन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के मुताबिक, पत्थलगांव और कुनकुरी में तीन-तीन सेंटीमीटर बारिश हुई। भैरमगढ़ में एक सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। आगामी दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
