नई दिल्ली:- देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। एक ओर जहां जम्मू-कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, वहीं पंजाब-हरियाणा-दिल्ली-UP में कोहरे और विदर्भ-मध्य प्रदेश में बारिश की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’, आज दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश (नरसापुर) और दक्षिणी ओडिशा (पुरी/गोपालपुर) के तटों से टकरा सकता है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद वंदे भारत समेत 39 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
रेलवे ने की वंदे भारत समेत 39 ट्रेनें रद्द
मौसम विभाग ने अकवान को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद वंदे भारत समेत 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे ने अकवान चक्रवात के ओडिशा तट की ओर बढ़ने के कारण, एहतियात के तौर पर पूर्व तटीय रेलवे ने 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। बता दें कि ये ट्रेनें 19, 20 और 21 नवंबर, 2026 को चलने वाली थीं।
पूर्व तटीय रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक राउत के मुताबिक, ये फैसला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चक्रवात के दौरान रेल परिचालन में किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए लिया गया है।
रद्द की गई ट्रेनों में लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें, पैसेंजर ट्रेनें, मेमू (MEMU) सेवाएं और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इतना ही नहीं 28 अन्य ट्रेनों के प्रस्थान के समय में भी बदलाव किया गया है।
20 नवंबर को सबसे ज्यादा ट्रेनें रद्द की गईं
20 नवंबर के लिए रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
साथ ही, पुरी, भुवनेश्वर, खुर्दा रोड, ब्रह्मपुर, अंगुल, तालचेर और गुणुपुर रूटों पर चलने वाली कई अन्य ट्रेनें भी रद्द रहेंगी. इनमें 21 नवंबर, 2026 को चलने वाली ट्रेन नंबर 22884, यशवंतपुर-पुरी गरीब रथ एक्सप्रेस भी शामिल हैं।
चक्रवात ‘अकवान’ के कारण इन राज्यों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात अकवान का सबसे अधिक असर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी (यनम) के तटीय क्षेत्रों में होने की संभावना है, जो 20 नवंबर 2026 को नरसपुर और पुरी (गोपालपुर के पास) के बीच तट से टकरा सकता है। साथ ही साथ पश्चिम बंगाल सहित कई अन्य राज्यों में भी बारिश या मौसम में बदलाव देखा जा सकता है।
