नई दिल्ली:- भारतीय सेना के साथ काम करने और अपनी डिजिटल स्किल्स को निखारने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। सेना के वेस्टर्न कमांड ने पंचकूला (हरियाणा) में ऑफलाइन मोड के तहत 3 महीने की ‘फुल स्टैक सॉफ्टवेयर डेवलपर्स’ इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह इंटर्नशिप 1 नवंबर 2026 से शुरू होगी, जिसमें चयनित उम्मीदवारों को भारतीय सेना के लिए एक आधुनिक और एंटरप्राइज-ग्रेड सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म तैयार करने का मौका मिलेगा। इस प्रोग्राम के दौरान अभ्यर्थियों को हर महीने 75,000 रुपये तक का आकर्षक स्टाइपेंड, 15 AICTE एकेडमिक क्रेडिट और सरकारी प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार AICTE के नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल (aicte.gov.in/) के माध्यम से 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
सॉफ्टवेयर प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका
भारतीय सेना के इस इंटर्नशिप के दौरान चयनित विद्यार्थियों को सिर्फ थ्योरी तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि एक एंटरप्राइज-ग्रेड सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर काम करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इसमें प्लेटफॉर्म के डिजाइन, डेवलपमेंट और आगे किए जाने वाले सुधारों से जुड़े कार्य शामिल होंगे।
डेटाबेस, एपीआई, यूआई और टेस्टिंग जैसे क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को काम करने का अवसर मिलेगा। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए एसेट और उपकरणों का रजिस्ट्रेशन, फॉल्ट और सर्विस रिक्वेस्ट, मेंटेनेंस, रिपेयर, स्पेयर तथा सर्विस लेवल से जुड़ी गतिविधियों को एक जगह मैनेज किया जाएगा।
कितने महीने की होगी इंटर्नशिप?
प्रोग्राम की अवधि तीन महीने तय की गई है और इसकी शुरुआत 1 नवंबर 2026 से होगी। इस दौरान इंटर्न्स को सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की वास्तविक प्रक्रिया को समझने और प्रोजेक्ट से जुड़े अलग-अलग तकनीकी कामों में भाग लेने का मौका मिलेगा।
किन छात्रों के लिए है मौका?
इंटर्नशिप के लिए BTech/BE या समकक्ष योग्यता रखने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की पढ़ाई कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस (CS) एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) या इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से संबंधित होनी चाहिए।
इसके साथ उम्मीदवारों को फुल स्टैक डेवलपमेंट, Java, Spring MVC, REST API, PostgreSQL, React, HTML5, CSS और JavaScript जैसी तकनीकों की जानकारी होना जरूरी है।
75 हजार तक स्टाइपेंड और क्रेडिट
चयनित विद्यार्थियों को हर महीने 75,000 रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। हालांकि, वास्तविक राशि इंटर्न की उपस्थिति के आधार पर तय होगी।
इसके अलावा विद्यार्थियों को 15 AICTE एकेडमिक क्रेडिट मिलेंगे। इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने पर सरकारी प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा, जो आगे नौकरी या करियर में उपयोगी हो सकता है।
जॉइनिंग पर देने होंगे ये दस्तावेज
चयनित उम्मीदवारों को जॉइनिंग के समय अपनी वर्तमान डिग्री का वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, स्थानीय प्राधिकरण से जारी पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, सरकारी पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो की मूल प्रति के साथ फोटोकॉपी जमा करनी होगी। इस इंटर्नशिप के लिए पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रखा गया है।
