मध्यप्रदेश:– पहली बार जनगणना का काम पूरी तरह से डिजिटल होगा, जिसके तहत मकानों की जियो-टैगिंग से लेकर लोगों को ऑनलाइन स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है। राजधानी में जनगणना का कार्य दो चरणों में होगा, जिसको लेकर पहले चरण की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। पहला चरण कल से शुरू हो जाएगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में होगा। जनगणना के लिए करीब छह हजार अधिकारी व कर्मचारियों को लगाया गया है, जो कि मकानों की गणना व सूचीकरण का काम करेंगे। इसके लिए उन्हें बकायदा प्रशिक्षण दिया गया है।
मकान सूचीकरण और प्रगणकों की नियुक्ति का खाका
जानकारी के अनुसार भारत की जनगणना 2026-27 के तहत जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना का प्रथम चरण शुरू किया गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण, मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है, जिसमें घर-घर जाकर भवन-मकान नंबर अंकन, अनुमानित परिवार संख्या, मुखिया का नाम, निवास का स्वरूप (आवासीय/अनावासीय) सहित अन्य आवश्यक जनगणना संबंधी आंकड़ों का संग्रहण किया जाएगा। जिसके लिए हाउस लिस्टिंग ब्लाक (एचएलबी) बनाए गए हैं।
