नई दिल्ली:– पंजाबी सुपरस्टार और मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ ने एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अमेरिका के प्रतिष्ठित शहर लॉस एंजेलिस ने उनके सम्मान में 6 जनवरी 2027 को ‘दिलजीत दोसांझ डे’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। यह फैसला लॉस एंजेलिस सिटी काउंसिल द्वारा लिया गया, जिससे दुनियाभर में उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यह सम्मान दिलजीत को पंजाबी संस्कृति और संगीत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में उनके योगदान के लिए दिया गया है। काउंसिलवुमन मोनिका रोड्रिगेज ने आधिकारिक प्रस्ताव के जरिए इस विशेष दिन की घोषणा की। प्रस्ताव में दिलजीत के संगीत, सामाजिक प्रभाव और दक्षिण एशियाई समुदाय को मजबूत सांस्कृतिक पहचान दिलाने में उनकी भूमिका की सराहना की गई।
दिलजीत दोसांझ ने इस सम्मान का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में वह भावुक नजर आए और इस उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर की। उनके फैंस, दोस्तों और फिल्मी सितारों ने भी उन्हें इस खास सम्मान के लिए बधाई दी।
इस बीच, दिलजीत की अमेरिकी नागरिकता को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनके पास 2022 से अमेरिकी नागरिकता है, हालांकि इस संबंध में दिलजीत ने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
