
नई दिल्ली। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने स्मार्ट वर्क और अपने अजीबो गरीब बयान के चलते हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। वे हर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हैं और बड़े ही एक्टिव राजनेता के रूप में देखें जाते हैं। रूस और यूक्रेन युद्ध पर डोनाल्ड ट्रंप ने एक अजीबो-गरीब आइडिया दे दिया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका को एफ-22 लड़ाकू विमानों पर चीनी झंडा लगाकर रूस पर बम गिरा देना चाहिए.
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले दावा किया था कि अगर वे राष्ट्रपति होते तो रूस कभी भी यूक्रेन पर हमला नहीं करता. उन्होंने यहां तक कहा था कि बाइडेन और नाटो मूर्खों की तरह काम कर रहे हैं. इस दौरान ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तारीफ करते हुए उन्हें एक स्मार्ट राजनेता करार दिया था.
CBS न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के शीर्ष दानदाताओं के सामने बोलते हुए कहा कि अमेरिका को एफ-22 लड़ाकू विमानों पर चीनी झंडा लगाना चाहिए और रूस को बम से उड़ा देना चाहिए. फिर हम कह सकते हैं कि ये हमला चीन ने किया है. इसके बाद वे एक-दूसरे से लड़ने लगते, और हम वापस बैठकर उन्हें देखते. बैठक के दौरान जैसे ही ट्रंप ने यह बात कही, वहां मौजूद सभी लोग हंसने और ताली बजाने लगे.