
झांसी : एसडीओ कार्यालय पहुंचे ग्राम बमनुआ के दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि उपखण्ड टहरौली के विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने विद्युत चैकिंग के नाम पर धंधा बना लिया है। फसली रसीद कटने के बाद भी किसानों को परेशान किया जा रहा है। इन दिनों रोज विद्युत विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में घरों और किसानों की डोरियां काट रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जिनके बिल भी जमा हैं उनकी डोरियां काटी जा रहीं हैं और जोड़ने के बदले में पैसे ऐंठे जा रहे हैं। विद्युत कर्मी नियमों की आड़ ले कर आम जनता और किसानों को अपना शिकार बना रहे हैं। डोरी काटने के बाद लोगों को विद्युत कार्यालय बुलाया जाता है जहां आम आदमी विद्युत कर्मियों के आगे कनैक्शन जोड़ने के लिये गिड़गिड़ाता है इसके बाद उससे रिश्वत ले करके उनकी डोरी जोड़ दी जाती है। ग्राम बमनुआ निवासी लालाराम कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, बालाराम कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, घनश्याम पाल, परमानंद कुशवाहा, बिहारी प्रजापति आदि ने न्याय की गुहार लगाई है।
झाँसी से सतेंद्र कुमार की रिपोर्ट