
अंग्रेजी में अपना इंट्रोडक्शन, फिर खड़ी बोली में सबका अभिवादन और उसके बाद बिल्कुल सधे हुए अंदाज में छत्तीसगढ़ी राजगीत की प्रस्तुति। कुछ ऐसा है धर्मेंद्र दास महंत का अंदाज। मंगलवार को उनके इस अंदाज के कायल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी हो गए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार शाम 5 बजकर 35 मिनट पर एक वीडियो ट्वीट किया है।
इस वीडियो के साथ भूपेश बघेल ने लिखा है, “”माई सेल्फ धर्मेंद्र दास महंत”…सुनिए, ये छत्तीसगढ़ का राजगीत गा रहे हैं। मुझे लगा कि सुनता ही रहूं। खूब आशीष और प्यार।” वीडियो में पांचवीं में पढ़ने वाला एक बच्चा जो देख पाने में अक्षम है। वह अपना परिचय देने के बाद बताता है कि वह जांगीर जिले के स्पेशल ब्लाइंड स्कूल में पढ़ता है। इसके बाद वह हिंदी में सभी का अभिवादन करता है, आप सबको नमस्ते…।
इसके बाद धर्मेंद्र छत्तीसगढ़ का राजगीत, ‘अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार..’ गाकर सुनाता है। तीन मिनट 48 सेकंड का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा इस वीडियो को ट्वीट करने के बाद करीब आधे घंटे के अंदर ही इसे 800 से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वहीं वीडियो को 519 लोगों ने लाइक किया है, जबकि 106 लोगों ने रीट्वीट किया है।
