कोरबा:- ऊर्जाधानी कोरबा का अधिकांश हिस्सा जंगल क्षेत्र से सटा हुआ है. इस वजह से यहां जंगली जानवरों की दहशत बनी रहती है. सबसे ज्यादा खतरा हाथियों के हमले का रहता है. कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज अंतर्गत आने वाले ग्राम बनिया में गुरुवार की रात एक युवक हाथी के हमले का शिकार हो गया. . युवक तीजराम निवासी ग्राम मुरली पर हाथी ने हमला कर दिया. अचानक हाथी से आमना सामना होते ही युवक सकते में आ गया और वह खुद को नहीं बचा पाया. हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
हरकत में वन विभाग: इस घटना की खबर मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर रवाना हुए. चौकी प्रभारी सुरेश जोगी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर वैधानिक कार्रवाई प्रारम्भ की. सुरेश जोगी ने सभी कार्रवाई के पूर्ण होने की बात कही है.
काफी देर से घूम रहा था हाथी: अब तक की जानकारी के अनुसार जिस हाथी ने ग्रामीण युवक पर हमला किया है. वह एक लोनर हाथी है, जो दल से बिछड़ हुआ है. ग्राम के संतोष महंत ने बताया कि हाथी काफी देर तक घटनास्थल के आसपास मंडराता रहा. जिससे ग्राम में दहशत बनी रही.
पसान क्षेत्र के जंगल के आसपास सदैव हाथियों का आना-जाना लगा रहता है. आसपास के ग्रामीण डरे हुए हैं. ग्रामवासियों ने ही सबसे पहले इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी.- संतोष महंत, ग्रामीण
अलग अलग क्षेत्र में बनी है मौजूदगी :कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज के अलावा कोरबा वनमंडल के पसरखेत रेंज के छिंदकोना गांव में लगातार हाथी उत्पात मचा रहे हैं. हाथी यहां ग्रामीणों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं. यहां 8 हाथियों का दल बीती रात कुदमुरा रेंज के चचिया सर्किल पहुंच गया है, जबकि केराकछार क्षेत्र में मौजूद 5 हाथियों ने पसरखेत रेंज के मदनपुर सर्किल में आमद दे दी है. हाथियों के इस दल ने यहां पहुंचते ही उत्पात मचाया और दो ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर वहां पककर तैयार धान की रबी फसल को रौंदकर तहस-नहस कर दिया. जिससे संबंधितों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. 13 हाथियों का दल क्षेत्र में काफी दिनों से विचरण कर रहा है. इससे पहले यह दल बालको व लेमरू रेंज में सक्रिय था.
ग्रामीणों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील: हाथियों का दल कभी कोरबा तो कभी कुदमुरा व पसरखेत रेंज के गांवों में पहुंच जाता है. तो कभी आसपास के आने क्षेत्र में भी हाथियों के दल नेदस्तक दी है. हाथियों के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने से ग्रामीणों में भय वातावरण बना हुआ है. वन विभाग ने हाथियों से दूर रहने के लिए एडवाइजरी भी जारी की है. मुनादी करवाई जा रही है. जरूरत पड़ने पर ही जंगल की ओर जाने की सलाह विभाग के द्वारा ग्रामीणों को दी जा रही है. वन विभाग के स्थानीय अमले के वनकर्मी मैदान पर तैनात हैं. वह ग्रामीणों को लगातार जागरूक भी कर रहे हैं.