नई दिल्ली:– केंद्रीय मंत्रिमंडल की बुधवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। बैठक में सात अहम फैसले लिए गए हैं। इनमें देश के बुनियादी ढांचे, विकास में तेजी और तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनना शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आज बहुत बड़े-बड़े फैसले लिए गए हैं। पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट और CCA की बैठक हुई। इसमें सात बड़े फैसले लिए गए हैं।
कैबिनेट में लिए गए ये अहम फैसले
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट में लिए गए फैसले पर जानकारी दी कि पहले दो फैसले वाराणसी में नए तरीके से इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का प्रोग्राम है। तीसरा और चौथा फैसला सेमीकॉन 2.0 मिशन और मोबाइल फोन मैन्युफैक्चरिंग स्कीम को मंजूरी दी गई। पांचवां है कि भारत यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर कैसे बने, यूरिया के लिए नेशनल इन्वेस्टमेंट पॉलिसी को मंजूरी दी गई। छठा और सातवां फैसला रेलवे अपग्रेडेशन प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है, जिसमें डबलिंग प्रोजेक्ट और चौथी लाइन का प्रोजेक्ट शामिल है।
वाराणसी को मिलेगी जाम से राहत
केंद्रीय मंत्री बताया कि उत्तर प्रदेश के काशी में वरुणा नदी के किनारे पूरा 6 लेन और 4 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिली है। यह बहुत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके साथ ही काशी में गंगा के साथ-साथ एक पूरा छह-लेन वाला एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा। वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर और गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर मिलकर शहर के ट्रैफिक को पूरी तरह से खत्म कर देंगे।
रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सेमीकॉन 2.0 की घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इससे लगभग 4 लाख करोड़ रुपये का निवेश, 2 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन और 1 लाख करोड़ रुपये का निर्यात होने की उम्मीद है। ‘सेमीकॉन 2.0’ के आने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष, दोनों तरह के रोजगार पैदा होंगे। यह एक बुनियादी उद्योग है, यहां बनने वाली चिप्स का इस्तेमाल कई अन्य क्षेत्रों में किया जाता है।
