छत्तीसगढ़:– शराब घोटाले में EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल 3 वाहनों को जब्त किया है और नेटवर्क की जांच जारी है. ईडी और EOW की जांच में 2019-2023 के बीच करीब 2883 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें कई बड़े नाम शामिल हैं.
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में EOW ने बड़ी कार्रवाई की है. EOW ने अवैध शराब परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 3 वाहनों को जब्त किया है. ये वाहन दुर्ग स्थित छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड, कुम्हारी से जुड़े बताए जा रहे हैं. जांच में सामने आया है कि इन वाहनों का उपयोग कथित तौर पर ‘पार्ट-बी’ अवैध शराब के परिवहन में किया जा रहा था.
मिली जानकारी के मुताबिक, डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि डिस्टिलरी से सीधे चयनित शासकीय शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाने के लिए इन वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था. इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने के लिए डिस्टिलरी प्रबंधन द्वारा भरोसेमंद व्यक्तियों को जिम्मेदारी दी जाती थी, जो छोटे ट्रांसपोर्टरों के वाहनों के जरिए इस अवैध सप्लाई को अंजाम देते थे. EOW ने इससे पहले इसी मामले में कोटा (बिलासपुर) स्थित वेलकम डिस्टिलरी और सरगांव (मुंगेली) स्थित भाटिया वाइंस डिस्टिलरी से कुल 16 वाहनों की जब्ती की जा चुकी है.
सख्त कार्रवाई होगी
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया है कि दुर्ग स्थित डिस्टिलरी में इन तीन वाहनों के अलावा अन्य कुछ वाहनों का भी उपयोग किया गया था, जिन्हें अब या तो स्क्रैप कर दिया गया है या अन्य कार्यों में लगाया जा रहा है. इन वाहनों के स्वामित्व और उपयोग की अलग से जांच की जा रही है. EOW ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच लगातार जारी है और आगे भी इस घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
EOW भी कर रही जांच
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले की जांच ईडी के अलावा EOW भी कर रही है. इस मामले में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है. ईडी की जांच में सामने आया था कि यह शराब घोटाला 2019 से 2023 के बीच अंजाम दिया गया और इसमें कुल 2883 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की गई. यह रकम राज्य के इतिहास के सबसे बड़े आर्थिक घोटालों में से एक मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच दोनों एजेंसियों द्वारा जारी है.
