नई दिल्ली:– अमरनाथ यात्रा शुरू होने में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है, लेकिन भोपाल और आसपास के शहरों से जम्मू तवी जाने वाली ट्रेनों में अभी से भारी भीड़ उमड़ने लगी है। हालात यह हैं कि झेलम, मालवा, अंडमान और हिमसागर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में जून के अंतिम सप्ताह से जुलाई तक कई क्लास में रिग्रेट और लंबी वेटिंग की स्थिति बन गई है। इस वर्ष भोपाल क्षेत्र से 12 से 15 हजार श्रद्धालुओं के अमरनाथ यात्रा पर जाने का अनुमान है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल होता जा रहा है, जबकि रेलवे फिलहाल अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन या कोच बढ़ाने की स्थिति में नहीं है। लगातार बढ़ रही वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति को देखते हुए यात्रियों ने रेलवे से भोपाल और आसपास के शहरों से जम्मू तवी तक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि अमरनाथ यात्रा के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के कारण कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनें और कोच चलाए जाने से यात्रियों को राहत मिल सकेगी। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी, उससे पहले ही भोपाल व आसपास के शहरों से जम्मू तवी जाने वाली ट्रेनों में भीड़ देखने को मिल रही है। इन ट्रेनों में दो महीने पहले से ही सभी क्लास में वेटिंग व रिग्रेट की स्थिति है, जिससे कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
12 से 15 हजार श्रद्धालुओं के जाने का अनुमान
इस वर्ष भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से करीब 12 से 15 हजार श्रद्धालुओं के अमरनाथ यात्रा पर जाने का अनुमान है। यात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यही वजह है कि जम्मू तवी जाने वाली ट्रेनों में अभी से वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति बनने लगी है, जो आगे भी जारी रह सकती है।
फिलहाल अमरनाथ यात्रा को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन या कोच बढ़ाने की कोई मांग नहीं आई है। यात्रियों की संख्या और टिकट स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर विशेष व्यवस्था करने पर विचार किया जाएगा। नवल अग्रवाल, पीआरओ, भोपाल
ये है ट्रेनों की स्थिति
ट्रेन नंबर 11077 – झेलम एक्सप्रेस में 20 जून से 10 जुलाई तक रिग्रेट (नो बर्थ उपलब्ध) की स्थिति बनी हुई है।
ट्रेन नंबर 12919 – मालवा एक्सप्रेस में 27 जून से 9 जुलाई तक रिग्रेट की स्थिति है।
ट्रेन नंबर 16031 – अंडमान एक्सप्रेस में 26 जून से 10 जुलाई तक रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है।
ट्रेन नंबर 16318 – हिमसागर एक्सप्रेस में वर्तमान बुकिंग अवधि के दौरान स्लीपर को छोड़कर सभी श्रेणियों में वेटिंग चल रही है।
ट्रेन नंबर 16031 – अंडमान एक्सप्रेस में 28 जून से 2 जुलाई तक रिग्रेट और वेटिंग दोनों स्थिति बनी हुई है।
