छत्तीसगढ़:– छत्तीसगढ़ में जन्मी बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और गायिका सुलक्षणा पंडित का गुरुवार को मुंबई में निधन हो गया। 71 वर्षीय सुलक्षणा लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने 70 और 80 के दशक में अपनी गायकी और अभिनय से फिल्म जगत में खास पहचान बनाई थी। उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली है। परिवार की ओर से अभी तक उनके निधन पर आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
6
रायगढ़ में हुआ जन्म:
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हुआ था। संगीत से उनका नाता बचपन से ही जुड़ गया था। उन्होंने सिर्फ 9 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। उनकी आवाज़ ने जल्द ही संगीतकारों और फिल्म निर्माताओं का ध्यान खींचा।
1967 में मिला पहला मौका:
सुलक्षणना पंडित ने 1967 में पहली बार फिल्म के लिए गाना गाया। उनकी मीठी आवाज़ और संजीदा अदाकारी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में न केवल गीत गाए बल्कि अभिनय से भी दर्शकों का मन मोह लिया।
गायकी से लेकर अभिनय तक चमका सितारा:
सुलक्षणा ने 70 और 80 के दशक में कई यादगार फिल्में दीं। उन्होंने मशहूर संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल और भाई जतिन पंडित के साथ भी कई सुपरहिट गाने रिकॉर्ड किए। उनकी फिल्मों में उनका अभिनय और सादगी आज भी दर्शकों को याद है।
सिनेमा जगत में शोक की लहर:
सुलक्षणा पंडित के निधन से बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है। फिल्मी दुनिया के कई कलाकारों और संगीतकारों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने अपने जीवन में कला के हर रूप को जिया और भारतीय सिनेमा में अपनी अमिट छाप छोड़ी।
