नई दिल्ली:–: राजधानी दिल्ली में बढ़ते ईंधन संकट और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की कोशिशों के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बड़ा यू फैसला लिया है। 18 मई से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में 6 अतिरिक्त ट्रेनें शामिल की जाएंगी, जिससे रोजाना 24 अतिरिक्त फेरें लगाए जाएंगे। DMRC का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट की ओर आकर्षित करना है। खासतौर पर सोमवार को दफ्तर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह अतिरिक्त सेवा शुरू की जा रही है।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए तैयारी
दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने साफ किया है कि अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के साथ स्टेशनों पर सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। यात्रियों की लंबी कतारों और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई नए कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। साथ ही नए टिकट काउंटर खोले जाएंगे ताकि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। बैगेज स्कैनिंग और फ्रिस्किंग जांच के लिए भी अतिरिक्त मशीनें और स्टाफ लगाया जाएगा।
सड़क जाम और ईंधन खपत में आएगी कमी
DMRC के मुताबिक दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस अड्डों, RRTS, नोएडा मेट्रो और रैपिड मेट्रो से जुड़ा हुआ है। ऐसे में अधिक लोग मेट्रो का इस्तेमाल करेंगे तो सड़क यातायात का दबाव कम होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे दिल्ली की सड़कों परये ट्रैफिक जाम कम होने के साथ पेट्रोल और डीजल की खपत में भी राहत मिलेगी। सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में इसे बड़ा कदम माना जा रहा है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं सेवाएं
DMRC ने संकेत दिए हैं कि अगर यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होती है तो आने वाले समय में सप्ताह के बाकी दिनों में भी अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। फिलहाल सोमवार से इसकी शुरुआत की जा रही है, लेकिन जरूरत के अनुसार नेटवर्क को और विस्तार दिया जाएगा।
