नई दिल्ली: – सोना खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। पिछले कुछ दिनों से सोने की कीमतों में लगातार गिरावट जारी है। कभी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाला सोना अब तेजी से नीचे आ रहा है। शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को भी भारतीय बाजार में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। वहीं भारत में 22 कैरेट सोने का भाव करीब 14 महीने के निचले स्तर पर आ गया है।
भारत में आज सोने का भाव कितना है?
20 नवंबर के उपलब्ध बाजार आंकड़ों के मुताबिक, देश के प्रमुख शहरों में सोने की सांकेतिक कीमतें लगभग इस प्रकार हैं।
24 कैरेट सोना: 13,068 रुपये प्रति ग्राम यानी करीब 1,30,680 रुपये प्रति 10 ग्राम।
22 कैरेट सोना: 11,979 रुपये प्रति ग्राम यानी करीब 1,19,790 रुपये प्रति 10 ग्राम।
18 कैरेट सोना: 9,801 रुपये प्रति ग्राम यानी करीब 98,010 रुपये प्रति 10 ग्राम।
ये आधार भाव हैं। इनमें 3 प्रतिशत जीएसटी और आभूषणों की मेकिंग चार्ज शामिल नहीं हैं।
छत्तीसगढ़ और रायपुर में आज क्या है सोने का भाव?
कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक
20 नवंबर के शहरवार और राज्यवार आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोने का सांकेतिक भाव भी लगभग इसी स्तर पर है।
24 कैरेट सोना: करीब 1,30,680 रुपये प्रति 10 ग्राम।
22 कैरेट सोना: करीब 1,19,790 रुपये प्रति 10 ग्राम।
18 कैरेट सोना: करीब 98,010 रुपये प्रति 10 ग्राम।
हालांकि अलग-अलग सराफा बाजारों और ज्वेलर्स के यहां भाव में थोड़ा अंतर हो सकता है। खरीदारी के समय स्थानीय सराफा बाजार से ताजा रेट की पुष्टि जरूरी है।
आखिर कितनी गिरावट आई है सोने में?
सोने की कीमतों में आई गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अक्टूबर की शुरुआत में दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव लगभग 1,49,390 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 20 नवंबर को यह करीब 1,30,830 रुपये तक आ गया। यानी अक्टूबर की शुरुआत के मुकाबले लगभग 18,560 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं 20 नवंबर को एमसीएक्स पर दिसंबर एक्सपायरी वाले गोल्ड फ्यूचर का भाव 1,27,494 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जो पिछले बंद भाव से 2,320 रुपये यानी 1.79 प्रतिशत नीचे था। कारोबार के दौरान इसका निचला स्तर 1,27,192 रुपये तक पहुंचा।
आखिर क्यों अचानक गिर रहा है सोना?
सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय कारण हैं।
पहला कारण अमेरिकी डॉलर की मजबूती है। जब डॉलर मजबूत होता है तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की मांग और कीमतों पर दबाव पड़ता है।
दूसरा कारण अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंका से निवेशकों का रुझान सोने के बजाय ब्याज देने वाले निवेश विकल्पों की ओर बढ़ रहा है।
