नई दिल्ली:– बकरीद 2026 की सरकारी छुट्टी को लेकर देशभर में चल रहा भ्रम अब लगभग खत्म हो गया है। पहले केंद्र और कई राज्यों में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद की छुट्टी 27 मई 2026 घोषित की गई थी, लेकिन चांद नहीं दिखने के कारण इस्लामी कैलेंडर की तारीख एक दिन आगे बढ़ गई। इसके बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना समेत कई राज्यों ने बकरीद की छुट्टी 28 मई 2026 कर दी है। अब गुरुवार को देश के कई हिस्सों में सरकारी कार्यालय, बैंक, स्कूल-कॉलेज और निजी संस्थान बंद रहेंगे।
केंद्र सरकार के कार्मिक मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि दिल्ली स्थित सभी केंद्रीय सरकारी प्रशासनिक कार्यालय 28 मई को ईद-उल-अजहा के अवसर पर बंद रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट में भी बकरीद की छुट्टी 28 मई को घोषित की गई है। इसके साथ ही कई निजी कंपनियों और संस्थानों ने भी अवकाश की तारीख में बदलाव कर दिया है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भी अधिसूचना जारी कर 27 मई का अवकाश बदलकर 28 मई कर दिया है। राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थान गुरुवार को बंद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ में भी मुस्लिम समाज 28 मई को बकरीद मनाएगा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में ईदगाह और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाएगी। राज्य के सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कई निजी संस्थानों में अवकाश रहेगा। राजधानी रायपुर में प्रशासन ने त्योहार को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं। मुस्लिम समाज के लोगों ने कुर्बानी के दौरान स्वच्छता और प्रशासनिक नियमों का पालन करने की अपील भी की है।
RBI के छुट्टियों वाले कैलेंडर के मुताबिक, कई राज्यों में पहले 27 मई को बैंक अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन स्थानीय चांद दिखने और राज्य सरकारों के फैसलों के बाद कई जगह छुट्टी की तारीख बदली गई है। 28 मई को जयपुर, मुंबई, नागपुर, पणजी, पटना, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, श्रीनगर, विजयवाड़ा, शिलांग समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं नई दिल्ली, लखनऊ, रायपुर, भोपाल, अहमदाबाद, कोलकाता, चंडीगढ़ और अन्य शहरों में पहले 27 मई को छुट्टी तय थी, लेकिन कई जगह अब स्थानीय आदेश के अनुसार बदलाव किया गया है।
बकरीद की तारीख को लेकर हर साल स्थिति चांद दिखने पर निर्भर करती है। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार ईद-उल-अजहा जिलहिज्जा महीने की 10वीं तारीख को मनाई जाती है। इस बार भारत में जिलहिज्जा का चांद 18 मई को दिखाई दिया था और 19 मई से नया महीना शुरू हुआ। ऐसे में 10वीं तारीख 28 मई को पड़ रही है। चांद देर से दिखाई देने के कारण त्योहार की तारीख आगे बढ़ गई। हालांकि जम्मू-कश्मीर और कुछ अन्य क्षेत्रों में स्थानीय परंपरा के अनुसार 27 मई को भी बकरीद मनाई जा रही है।
बकरीद इस्लाम धर्म का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इस दिन मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा कर कुर्बानी देते हैं और जरूरतमंदों में मदद बांटते हैं। त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। कपड़े, सेवइयां, मसाले, मिठाई और कुर्बानी से जुड़े सामान की खरीदारी जोरों पर है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
