छत्तीसगढ़:– मानसून का मौसम आते ही छत्तीसगढ़ की वादियां हरियाली की चादर ओढ़ लेती हैं। झरने, पहाड़, जंगल और मंदिरों का प्राकृतिक सौंदर्य इस मौसम में और भी आकर्षक हो जाता है। यदि आप सप्ताहांत (Weekend) में परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो रायपुर के आसपास मौजूद ये जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं।
रायपुर से लगभग 85 किलोमीटर दूर गरियाबंद जिले में स्थित जतमई माता मंदिर मानसून में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां का प्राकृतिक जलप्रपात बारिश के दौरान पूरे शबाब पर होता है। हरियाली और ठंडी हवाएं सैलानियों को खूब आकर्षित करती हैं।
- घटारानी वॉटरफॉल (करीब 90 किमी)
जतमई से कुछ ही दूरी पर स्थित घटारानी जलप्रपात मानसून में बेहद खूबसूरत नजर आता है। पहाड़ियों के बीच गिरता पानी और घना जंगल यहां की खास पहचान है। फोटोग्राफी और नेचर लवर्स के लिए यह शानदार जगह है। - राजिम (करीब 45 किमी)
‘छत्तीसगढ़ का प्रयाग’ कहलाने वाला राजिम धार्मिक और प्राकृतिक दोनों दृष्टि से खास है। महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों का संगम मानसून में बेहद मनमोहक दिखाई देता है।
- सिरपुर (करीब 80 किमी)
इतिहास और संस्कृति में रुचि रखने वालों के लिए सिरपुर एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है। यहां प्राचीन मंदिर, बौद्ध विहार और पुरातात्विक स्थल देखने को मिलते हैं। बारिश के मौसम में यहां का वातावरण और भी खूबसूरत हो जाता है।
- बारनवापारा अभयारण्य (करीब 100 किमी)
वन्यजीव प्रेमियों के लिए बारनवापारा अभयारण्य शानदार विकल्प है। यहां हिरण, जंगली भैंसा, नीलगाय सहित कई वन्यजीव देखने को मिल सकते हैं। मानसून में जंगल का नजारा बेहद मनमोहक होता है।
- गंगरेल डैम (करीब 95 किमी)
यदि आप शांत वातावरण में समय बिताना चाहते हैं, तो धमतरी स्थित गंगरेल डैम एक अच्छा विकल्प है। मानसून में डैम का जलस्तर बढ़ने से इसका नजारा और भी आकर्षक हो जाता है।
- चिंगरा पगार वॉटरफॉल (गरियाबंद)
गरियाबंद जिले में स्थित चिंगरा पगार वॉटरफॉल मानसून के दौरान अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है। ऊंची चट्टानों से गिरता पानी, घने जंगल और शांत वातावरण इसे एडवेंचर और नेचर लवर्स के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन बनाते हैं। बारिश के मौसम में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
- दसकुंड वॉटरफॉल (महासमुंद)
दसकुंड वॉटरफॉल भी रायपुर के आसपास घूमने के लिए शानदार जगहों में शामिल है। मानसून में यहां का जलप्रपात पूरी रफ्तार से बहता है और चारों ओर फैली हरियाली इसकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती है। वीकेंड ट्रिप, फोटोग्राफी और प्रकृति का आनंद लेने के लिए यह एक बेहतरीन स्थान माना जाता है
यात्रा के दौरान रखें ये सावधानियां
- मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा करें।
- तेज बहाव वाले नदी-नालों और झरनों के पास जाने से बचें।
- फिसलन वाले स्थानों पर सावधानी बरतें।
- बच्चों पर विशेष नजर रखें।
- प्लास्टिक और कचरा पर्यटन स्थलों पर न फैलाएं।
मानसून में घूमने का सबसे अच्छा समय
जुलाई से सितंबर के बीच का समय रायपुर और आसपास के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती देखने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। इस दौरान झरने पूरी रफ्तार से बहते हैं और प्राकृतिक सौंदर्य अपने चरम पर होता है।
