
भोपाल:- मध्यप्रदेश शिक्षा विभाग ने 20 जनवरी से शुरू हो रहे कक्षा 10वीं और 12वीं की प्री-बोर्ड की परीक्षा के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिया है। कोरोना के चलते इस बार परीक्षा टेक होम सिस्टम से होगी। छात्रों को परीक्षा से 1 दिन पहले प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका स्कूल से घर ले जाना होगा। छात्र अपने दो तीन प्रश्न पत्र भी ले जा सकते हैं। इसके लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी प्राचार्यों को निर्देश जारी कर दिया है। प्राचार्यों को जारी निर्देशों के मुताबिक कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को शेष समस्त उत्तरपुस्तिकाएं 28 जनवरी 2022 को और कक्षा 12वीं के लिए शेष सभी उत्तरपुस्तिकाएं एक फरवरी 2022 तक शाला द्वारा निर्धारित तिथि तक शाला में जमा करनी होंगी। सभी विषय शिक्षक उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर विद्यार्थियों द्वारा की गई गलतियों में सुधार के लिए 5 फरवरी 2022 तक सूचित करेंगे।