छत्तीसगढ़ :– बुधवार को हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन अब मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग रायपुर के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते 16 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने, शाम तक गरज-चमक और अंधड़ चलने के आसार हैं।
विभाग ने 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से मणिपुर तक फैली पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है।
