कोरबा। वैशाख शुक्ल अक्षय तृतीया इस बार भी संयोग के साथ उपस्थित हुई। अक्षय फल जैसी मान्यताएं इसके साथ जुड़ी हुई हैं। इसी का प्रभाव कहना होगा कि कोरबा और उपनगरीय क्षेत्रों के बाजार में आज विशेष रौनक रही। सराफा, बर्तन और कपड़ा सेक्टर में खरीदारों की ज्यादा भीड़ नजर आई। अक्षय तृतीया को होने वाली खरीदारी को लेकर दुकानदारों ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी। खास तौर पर सराफा कारोबारियों ने ग्राहकों के लिए कई ऑफर प्रस्तुत किए और इसका लाभ भी प्राप्त किया।
दुकानों के कर्मी ग्राहकों की आवभगत करते देखे गए। सोने चांदी के आभूषण से लेकर कई पात्र इन दुकानों में आकर्षण का केंद्र बने रहे। भले ही इस महीने विवाह के मुहूर्त नहीं है फिर भी आगामी तिथियों को लेकर लोगों ने इस खास दिवस सोने चांदी की खरीदी की। इसी के साथ टैक्सटाइल्स सेक्टर में भी काफी अच्छी मांग बनी रही। जानी-मानी कंपनियों के अलावा अन्य ब्रांड की दुकानों में अन्य दिनों की अपेक्षा आज व्यस्तता देखने को मिली। कारोबारी सीजन के लिहाज से आज का दिन व्यवसायियों के लिए खास रहा। बर्तन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी आज खिले रहे। आज रात्रि तक बाजार मैं इसी तरह से रौनक देखने को मिलेगी। इन सबसे अलग लोगों ने अक्षय तृतीया पर मान्यताओं के अंतर्गत मटको की पूजा की। गर्मी में उपयोग आने वाली सामग्रियों का दान भी किया गया।