नई दिल्ली:– सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का के पास हूती ड्रोन को सऊदी एयर डिफेंस ने इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता के मुताबिक, ड्रोन को मंगलवार शाम मक्का के दक्षिण में उस समय मार गिराया गया, जब वह शहर के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाला था।
इस घटना के बाद सऊदी अरब में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। मंगलवार को मक्का, जेद्दा और ताइफ समेत कई इलाकों में संभावित खतरे को लेकर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया था। लोगों को घरों के अंदर सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई। कुछ समय बाद मक्का के लिए जारी खतरे का अलर्ट हटा लिया गया।
रिपोर्टों के मुताबिक, हालिया घटनाक्रम में मक्का के लिए हवाई खतरे का अलर्ट पहली बार जारी किया गया। मक्का इस्लाम का सबसे पवित्र शहर है और यहां काबा स्थित है, जहां हर साल दुनियाभर से लाखों श्रद्धालु हज और उमरा के लिए पहुंचते हैं।
यह घटना सऊदी अरब पर हाल के दिनों में हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच हुई है। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, हालिया हमलों में 13 लोग घायल हुए हैं। इसके बाद सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती हमलों का जवाब देने की बात कही है।
