नई दिल्ली:– एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच हुए विवादों को लेकर आईसीसी (ICC) ने सख्त रुख अपनाया है। आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों की सुनवाई के बाद कई खिलाड़ियों पर जुर्माना और निलंबन की कार्रवाई हुई है।
सूर्यकुमार यादव पर जुर्माना:
14 सितंबर 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए पहले मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद खेल की साख को ठेस पहुंचाने वाले व्यवहार से संबंधित है। आईसीसी मैच रेफरी रिची रिचर्डसन की सुनवाई के बाद सूर्यकुमार पर मैच फीस का 30% जुर्माना और दो डिमेरिट पॉइंट्स लगाए गए।
फरहान को चेतावनी हारिस को दो मैच का बैन:
उसी मैच में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को भी इसी अनुच्छेद के उल्लंघन पर आधिकारिक चेतावनी और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। वहीं तेज़ गेंदबाज़ हारिस रऊफ को बार-बार अनुशासन तोड़ने पर कड़ी सजा दी गई। उन्हें पहले मैच फीस का 30% जुर्माना और दो डिमेरिट पॉइंट्स मिले थे, लेकिन फाइनल मुकाबले में फिर से अनुशासनहीनता दोहराने पर रऊफ को दो अतिरिक्त डिमेरिट पॉइंट्स और दो मैचों के लिए निलंबन की सजा सुनाई गई।
बुमराह को चेतावनी अर्शदीप निर्दोष:
21 सितंबर को हुए भारत-पाकिस्तान मैच में अर्शदीप सिंह पर अनुच्छेद 2.6 (अशोभनीय इशारे) के तहत आरोप लगा था, लेकिन जांच में उन्हें निर्दोष पाया गया। फाइनल में जसप्रीत बुमराह को अनुच्छेद 2.21 के उल्लंघन का दोषी पाया गया और उन्हें आधिकारिक चेतावनी तथा एक डिमेरिट पॉइंट मिला। बुमराह ने अपनी गलती स्वीकार की, जिसके चलते औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
ICC का सख्त संदेश:
आईसीसी ने यह स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों का व्यवहार खेल की गरिमा को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
