मध्यप्रदेश:- एक बुजुर्ग महिला को टीटीई ने बुरी तरह पीटा. टीटीई ने बुजुर्ग महिला को मुंह पर घूंसा मारकर उसका दांत तोड़ दिया. पुलिस ने आरोपी टीटीई नदीम खान को गिरफ्तार कर लिया है.
मध्यप्रदेश के भोपाल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक टीटीई की गुंडागर्दी देखने को मिली है. कुशीनगर एक्सप्रेस में 75 साल की बुजुर्ग महिला से टीटीई ने बेरहमी से मारपीट कर दी. आरोपी ने बुजुर्ग महिला को घूंसा मारकर उसका दांत तोड़ दिया. महिला के एसी कोच में चढ़ने से टीसी नाराज था. यह घटनाक्रम 6 मई का है, शुक्रवार 8 मई को पुलिस ने आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर लिया है.
घूंसा मारकर तोड़ा दांत
जानकारी के अनुसार, नर्मदापुर से भोपाल की यात्रा के लिए महिला स्टेशन पहुंची थी. ट्रेन चलने के लिए जैसे ही तैयार हुई महिला एसी कोच में चढ़ गई. एसी कोच में चढ़ने से टीसी भड़क गया. बुजुर्ग ने उससे कहा कि वह धीरे-धीरे स्लीपर कोच में जा रही है. इस पर टीसी ने महिला से जल्दी जाने को कहा. जब महिला ने कहा कि वह बुजुर्ग है और जल्दी नहीं चल सकती तो इस पर वह भड़क गया. उसने महिला का हाथ मोड़कर घूसा मार दिया. जिससे महिला का दांत टूट गया.
शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
जब ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर पहुंची तब बुजुर्ग महिला ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने टीटीई नदीम खान पर मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया. यह पूरा घटनाक्रम 6 मई का है, जबकि शुक्रवार को आरोपी नदीम की गिरफ्तारी की गई.
महिला का बेटा भी है टीटीई
जीआरपी रानी कमलापति थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता सुशीला देवी डी-6 पूर्वी रेलवे कॉलोनी भोपाल में रहती हैं. वह 6 मई को नर्मदापुरम से भोपाल यात्रा कर रही थी. ट्रेन छूटने के डर से वह एसी कोच में चढ़ गईं थी. इसी को लेकर टीसी ने घूंसा मार दिया जिससे उनका दांत टूट गया और खून निकलने लगा. लोगों ने बीच बचाव कर उन्हें टीटीई से बचाया. घटना के बाद उन्होंने बेटे को इसकी जानकारी. बेटे ने जीआरपी को शिकायत की. इसके बाद जीआरपी की टीम सुशीला देवी और टीटीई को लेकर थाने पहुंची. वहां टीटीई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. महिला का बेटा भी टीटीई है.
