
बालकोनगर कोरबा:– आर्य समाज द्वारा संचालित डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालको में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नागरिकों का मन मोह लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि साधना शर्मा, संचालक एमएलसी कंप्यूटर रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि आर्य समाज बालको नगर के अध्यक्ष गोपीराम साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आर्य समाज के कोषाध्यक्ष हरनारायण साहू, नागेश गौरहा, मंत्री आरती मंगल, सहायक अतिथि श्री शर्मा एवं शैल साहू, विद्यालय की प्राचार्य संध्या सिंह, आर्य समाज के पदाधिकारीगण, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि साधना शर्मा ने अपने उद्बोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब युवा पीढ़ी नशामुक्त, शिक्षित, संस्कारवान और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग बने। महिलाओं को शिक्षित एवं जागरूक करने तथा अपनी प्रतिभा के लिए उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
समारोह ने स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए नशा मुक्त समाज स्वच्छ परिवेश और शिक्षित समाज निर्माण का सार्थक संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधान पाठक संतोष कुमार यादव ने सभी अतिथियों शिक्षक शिक्षिकाओं विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
