छत्तीसगढ़:–:पुलिस मुख्यालय में डीआईजी के रूप में पदस्थ आईपीएस डॉ. संतोष सिंह के संयुक्त राष्ट्र के शांति सुदृढ़ीकरण (Peace Building) विषय पर आधारित शोधग्रंथ का प्रकाशन दिल्ली के प्रतिष्ठित मानक पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।
डॉ. सिंह ने अपनी इस पुस्तक की प्रति माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा डीजीपी श्री अरुण देव गौतम को भेंट की।
यह पुस्तक शीत युद्ध के बाद की दुनिया में संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित Peace Keeping, Peace Making और Peace Building जैसे बहुआयामी प्रयासों की गहराई से पड़ताल करती है। इसमें हिंसाग्रस्त देशों में स्थायी शांति स्थापित करने हेतु किए जा रहे यूएन पीसबिल्डिंग कमीशन के प्रयासों का विश्लेषण और उनके व्यावहारिक प्रभावों का अध्ययन शामिल है।
डॉ. सिंह का यह शोधग्रंथ विदेश नीति के नीति-निर्धारकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यह भारत सहित हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में स्थायी शांति स्थापित करने के तत्वों की समझ को भी सुदृढ़ करेगा।
उल्लेखनीय है कि भारत, संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले देशों में तीसरे स्थान पर है। 1950 से अब तक भारत ने 49 शांति मिशनों में भाग लेते हुए लगभग दो लाख शांतिसैनिकों का योगदान दिया है। वरिष्ठ भारतीय पुलिस और सैन्य अधिकारी इन मिशनों में उल्लेखनीय भूमिका निभा चुके हैं।
डॉ. संतोष सिंह ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से पीएचडी, जेएनयू, नई दिल्ली से अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में एम.फिल. तथा बीएचयू, वाराणसी से राजनीतिशास्त्र में एम.ए. किया है। उनका एम.फिल शोध संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में विकासशील देशों की भागीदारी पर केंद्रित था। उनके कई शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
