बेंगलुरु, 28 मार्च । कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने सोमवार को कहा कि कर्नाटक बोर्ड एसएसएलसी परीक्षा में शामिल होने से पहले हिजाब हटाने से इनकार कर उच्च न्यायालय के फैसले का उल्लंघन करने वाली छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
श्री ज्ञानेंद्र ने यहां संवाददाताओं से कहा, “सभी छात्रों को अपने हिजाब हटाकर परीक्षा देनी चाहिए। हम इस पर कोई समझौता नहीं करेंगे। हिजाब पर कर्नाटक उच्च न्यायालय के फैसले का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।”
राज्य के शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने भी कहा कि ड्रेस कोड लागू करने के सरकारी आदेश का उल्लंघन करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। राज्य भर के 3,440 केंद्रों में 48,000 से अधिक हॉल में 8.74 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
गौरतलब है कि हिजाब विवाद पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने फैसला सुनाया था कि हिजाब एक आवश्यक धार्मिक प्रथा नहीं है और सभी को यूनिफॉर्म पहनने के नियम का पालन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने एसएसएलसी परीक्षा में बैठने वाले सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी हैं।
Previous ArticleКак создать личный кабинет Mostbe
Next Article आलिया भट्ट ने राम चरण को जन्मदिन पर बधाई दी