बिहार:– पटना में दो कोचिंग संस्थानों के झगड़े में रौशन आनंद सर के जेल जाने के बाद अब फैजल खान उर्फ खान सर पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पटना पुलिस ने कोचिंग सेंटर पर फायरिंग की झूठी सूचना देने को लेकर खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में कल फायरिंग का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद खान सर के दो गार्ड को अरेस्ट कर लिया गया था और उनको हथियार जब्त कर जेल भेज दिया गया है।
खान सर की मौजूदगी में फायरिंग
खबरों के मुताबिक, फैजल उर्फ खान सर का नाम उसी प्राथमिकी में जोड़ा गया है। एफआईआर में खान सर की मौजूदगी में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के आरोप लगे हैं। आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमा में नाम आने के बाद अगर खान सर को कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिली तो उनकी गिरफ्तारी का खतरा है।
खान सर बोले- आत्मरक्षा में फायरिंग
एफआईआर में नाम आने के बाद खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना के समय सुरक्षा गार्ड ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी। मंगलवार की रात घटना के फौरन बाद खान सर ने दावा किया था कि उनके कोचिंग पर हमले के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई है। इसके बाद अगली सुबह ही उन्होंने इस दावे से पीछे हटते हुए कहा कि उन्होंने घटना के बाद अफरातफरी के बीच वो कहा था, जो उनको गार्ड ने बताया था।
खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार
इसके बाद गुरुवार की सुबह रौशन आनंद के कोचिंग ज्ञान बिंदु ने फैजल खान के गार्ड्स का फायरिंग करता वीडियो दिखाकर पुलिस से खान सर के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की थी। इस मामले में पहले ही खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके हथियार जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भी भेज दिए गए हैं।
