
अंबिकापुर। प्रेमी के मौत के तीन दिन बाद प्रेमिका ने भी उसी टावर से फांसी लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है।
मामला शहर से लगे ग्राम केपी का है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। जानकारी के मुताबिक, 26 साल की मृतका रविवार को अपने मायके में थी। रात को घर के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए।
अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने घर के पास ही लगे मोबाइल टावर से मृतका का शव लटकते देखा। मृतका ने नाइलोन की रस्सी के सहारे फांसी लगाई थी। रात को सभी लोग साथ थे और महिला सो रही थी। ऐसे में आशंका है कि उसने तड़के खुदकुशी की है।
मृतका के प्रेमी ने 3 दिन पहले इसी मोबाइल टावर से फांसी लगाकर जान दी थी। बताया जा रहा है कि उस दिन भी मृतका ने खुदकुशी की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे बचा लिया था। वहीं, पुलिस ने भी समझाकर परिजनों के हवाले कर दिया। सुसाइड नोट में भी परिजनों के समझाने की भी बात है। उसने लिखा है कि मेरा सब कुछ जब खत्म हो गया है तो अब जीकर क्या करूंगी? इसलिए आत्महत्या कर रही हूं।