
लखीमपुर खीरी में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में रविवार को कुल आठ लोगों की जान चली गई। इस मामले को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी जाकर पीड़ित परिवारों से मिलना चाह रही थी। हालांकि प्रशासन ने उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी। ऐसे में कांग्रेसी नेताओं के साथ उन्हें सीतापुर के गेस्ट हाउस में हिरासत के तौर पर रखा गया है।
गेस्ट हाउस के अंदर की सफाई: इस दौरान सीतापुर गेस्ट हाउस से प्रियंका गांधी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो गेस्ट हाउस के अंदर सफाई करती दिखाई दे रही हैं। बता दें कि उनके झाड़ू लगाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि “जब तक किसानों के पीड़ित परिवारों व अन्य किसानों से मिलने नहीं दिया जाता तबतक अन्न ग्रहण नही करूंगी।”
वहीं प्रियंका गांधी की हिरासत को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। गेस्ट हाउस के बाहर जमे कांग्रेसियों ने सत्तारूढ़ बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रियंका गांधी से धक्का मुक्की का आरोप: बता दें कि यूपी पुलिस पर आरोप लगा गया है कि प्रियंका गांधी को हिरासत लेने के दौरान उनके साथ धक्का मुक्की की गई। इसपर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने योगी सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि, “योगी आदित्यनाथ की पुलिस विपक्षी नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने से जबरन रोक रही है। पुलिस ने प्रियंका गांधी के साथ धक्का-मुक्की की। भाजपा नेता भी हमेशा विपक्ष द्वारा शासित राज्यों में जाते हैं, जहां हिंसा हुई है, क्या वहां ऐसी स्थिति होती है? क्या ये लोकतंत्र है?” इसके अलावा उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, “विनाश काले, विपरीत बुद्धि।”
बता दें कि इससे पहले प्रियंका गांधी रविवार देर रात लखनऊ पहुंची थीं। पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए प्रियंका लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुई ही थीं, कि उन्हें सीतापुर के हरगांव से हिरासत में ले लिया गया। आरोप है कि, पुलिसवालों ने रोकने के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। इसी को लेकर प्रशांत भूषण ने योगी सरकार की पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े किए।
इन्हें भी नहीं मिली इजाजत: प्रियंका गांधी के अलावा लखीमपुर खीरी जाने वाले अन्य विपक्षी नेताओं को भी प्रशासन ने इजाजत नहीं दी है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी यूपी पुलिस ने हिरासत में लेकर घर के बाहर ही रोक लिया। वहीं यूपी सरकार ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी को भी लखनऊ में ना उतरने देने का आदेश जारी कर दिया है।