
रायपुर में शुक्रवार को एक 12वीं क्लास के छात्र से मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसमें कुछ लड़के छात्र को बुरी तरह से पीटते हुए दिख रहे हैं। कोई उसे बेल्ट से पीट रहा था, तो सिर पर लात मार रहा है। यह वीडियो रायपुर के देवेंद्र नगर इलाके का है। इस घटना की जानकारी मिलने पर गंज थाने की टीम ने छानबीन शुरू की और मारपीट करने वाले चार लड़कों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, वीडियो में पिटते हुए दिख राह छात्र तेलीबांधा इलाके का रहने वाला युगल किशोर साहू है। वह जेएन पांडे स्कूल में 12वीं का छात्र है। शुक्रवार को वह स्कूल से परीक्षा देकर लौट रहा था। रास्ते में उसे कुछ लड़कों ने रोक लिया। इनमें से कुछ उसके स्कूल में पढ़ते हैं। कुछ उसके मोहल्ले के पास ही रहते हैं। ये सभी युगल को देवेंद्र नगर के साईं मंदिर इलाके में लेकर गए और मारपीट करने लगे।
पुलिस के मुताबिक, मारपीट वजह आपसी रंजिश है। कुछ दिन पहले गणेश विसर्जन के दौरान दो गुटों में कहा-सुनी के बाद मारपीट हुई थी। इसमें युगल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वीडियो में दिख रहे आरोपियों को पीटा था। इसी का बदला लेने के लिए युगल के साथ मारपीट की है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लड़कों की उम्र 18-19 साल है। फिलहाल इनकी पहचान उजागर नहीं की गई है। मारपीट की घटना में शामिल दो और युवक अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।