कोरबा:-लीगल एड डिफेंस चीफ रोहित रजवाड़े एवं पैरालीगल वालंटियर रमाकांत दुबे ने बाल दिवस के अवसर पर दी, बच्चों को बाल अधिकारों एवं बाल शोषण के खिलाफ विस्तृत जानकारी

बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के निर्देशानुसार लायंस क्लब हायर सेकेंडरी इग्लिश स्कूल, लालूराम कॉलोनी, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को उनके मौलिक एवं कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, संरक्षण तथा किसी भी प्रकार के शोषण एवं उत्पीड़न से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस चीफ़ रोहित रजवाड़े एवं पैरालीगल वॉलेंटियर रमाकांत दुबे द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, और उनके अधिकारों की रक्षा करना समाज एवं शासन-प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। लीगल एड डिफेंस चीफ़ ने बच्चों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सम्मान, समानता, सुरक्षित वातावरण और स्वस्थ जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण, लैंगिक अपराधों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दी गईं। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना, दुर्व्यवहार अथवा असुरक्षित परिस्थिति का सामना करने पर बिना भय और, बिना संकोच के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित कानूनी सहायता संस्थाओं को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने बच्चों को समझाया कि अपने अधिकारों की जानकारी ही स्वयं की सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि कानून बच्चों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए अनेक प्रावधान उपलब्ध कराता है, इसलिए प्रत्येक बच्चे को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने प्रति होने वाले गलत व्यवहार को पहचानना भी जरूरी है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने का आत्मविश्वास प्रदान किया गया।

इस अवसर पर संस्था प्राचार्य रमेश शर्मा, वाइस प्राचार्य गीता अग्रवाल, सहित समस्त शिक्षक, शिक्षिका एवं बच्चे उपस्थित रहे एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को धन्यवाद दिया।