मध्य प्रदेश:- सरकारी स्कूलों में अब शिक्षकों के बाद छात्रों की उपस्थिति भी डिजिटल तरीके से दर्ज की जाएगी. अभी तक ऑनलाइन अटेंडेंस की व्यवस्था मुख्य रूप से शिक्षकों के लिए लागू थी, लेकिन अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की हाजिरी भी ऑनलाइन दर्ज होगी. लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं. नई व्यवस्था एजुकेशन पोर्टल 3.0 के माध्यम से लागू की जाएगी.
शिक्षा विभाग के मुताबिक विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति का सीधा असर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक प्रदर्शन पर पड़ता है. ऑनलाइन अटेंडेंस से स्कूल और विभागीय अधिकारी विद्यार्थियों की उपस्थिति पर आसानी से नजर रख सकेंगे. इससे यह भी पता लगाया जा सकेगा कि कौन से छात्र नियमित रूप से स्कूल आ रहे हैं और किन विद्यार्थियों की उपस्थिति लगातार कम बनी हुई है.
ऑनलाइन अटेंडेंस में तीन कैटेगरी
नई व्यवस्था के तहत संबंधित क्लास के सभी स्टूडेंट्स की लिस्ट पोर्टल पर दिखाई जाएगी. क्लास टीचर को हर स्टूडेंट की उपस्थिति के आधार पर अटेंडेंस दर्ज करनी होगी. यह प्रक्रिया क्लास और सेक्शन के हिसाब से की जाएगी. स्टूडेंट्स के लिए तीन कैटेगरी बनाई गई हैं. प्रेजेंट (Present), एब्सेंट (Absent) और ऑन लीव ( On Leave). पोर्टल पर सभी स्टूडेंट्स ‘प्रेजेंट’ दिखाए जाएंगे. एब्सेंट स्टूडेंट्स के नाम के आगे एब्सेंट और छुट्टी पर रहने वालों के नाम के आगे ऑन लीव मार्क करना होगा. आखिर में जानकारी सेव करनी होगी.
एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज होगी उपस्थिति
निर्देशों के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की उपस्थिति स्कूल के संस्था लॉगिन का इस्तेमाल करके दर्ज की जाएगी. संबंधित क्लास टीचर छात्रों की सेक्शन-वार जानकारी दर्ज करने के लिए जिम्मेदार होंगे. विभाग के अनुसार एजुकेशन पोर्टल 3.0 के स्टूडेंट मैनेजमेंट सेक्शन के तहत छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा दी जाएगी. इसके जरिए टीचर एक ही जगह से पूरी क्लास की उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे.
