
गरियाबंद। सिटी कोतवाली क्षेत्र में ग्रामीण बैंक में लुटेरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन उनकी गलती से बैंक में शॉर्ट सर्किट हो गया और दस्तवेजों में आग लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और बैंक प्रबंधक को दी।
जानकारी के मुताबिक, पांडुका स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के गेट के पास लगी खिड़की खुली हुई थी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने खिड़की खुली देखी तो मौके पर पहुंच गए। अंदर काला धुआं भरा हुआ था और सामान जला हुआ दिख रहा था।
इस पर ग्रामीणों ने पुलिस और बैंक प्रबंधक को इसकी सूचना दी। थोड़ी देर बाद बैंक प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पता चला कि अंदर आग लगने से नुकसान हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, चोरों ने अंदर घुसने के बाद CCTV कैमरे के तार काटने की कोशिश की। इसके चलते शार्ट सर्किट हुआ और बैंक में आग लग गई।
इन सबके चलते चोर वहां से रुपए ले जाने में तो कामयाब नहीं हो सके, लेकिन आग लगने के कारण बैंक में रखी फाइलें, कंप्यूटर और अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए। हालांकि आग लगने से बैंक में हुए नुकसान का अभी आंकलन नहीं हो सका है। बैंक की सुरक्षा के लिए कोई गार्ड भी तैनात नहीं था।