राजनांदगांव:- मेयर पद के बीजेपी प्रत्याशी मधुसूदन यादव ने आज अपना नामांकन कलेक्ट्रेट में दाखिल कर दिया. नामांकन दाखिल करने के वक्त पूर्व सीएम रमन सिंह और बीजेपी सांसद संतोष पांडेय मौजूद रहे. नामांकन से पहले बीजेपी ने एक विशाल रैली भी निकाली. रैली शिवनाथ वाटिका से निकली और गुरुनानक चौक पर समाप्त हुई. कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी निखिल द्विवेदी ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया. निखिल के नामांकन दाखिल में बड़ी संख्या में कांग्रेस के बड़े नेता शामिल हुए.
मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल: मधुसूदन यादव के नामांकन में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज पहले चरण का काम पूरा हो गया है. रमन सिंह ने कहा कि मधुसूदन यादव को राजनीति और राजनांदगांव का पूरा ज्ञान है. राजनांदगांव की जनता के लिए वो बेहतर काम करेंगे. रमन सिंह ने कहा कि जनता की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर मधुसूदन यादव खरे उतरेंगे. कांग्रेस पर तंज कसते हुए रमन सिंह ने कहा कि राजनीति में जिनको रिजेक्ट कर दिया गया है उनको दोबारा सिलेक्ट नहीं किया जाता है.
मधुसूदन यादव Vs निखिल द्विवेदी: मेयर चुनाव में मधुसूदन यादव को चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने निखिल द्विवेदी को मैदान में उतारा है. निखिल ने भी आज अपना नामांकन दाखिल किया. नामांकन दाखिल करने के बाद निखिल द्विवेदी ने दावा किया कि जीत उनकी होगी. निखिल ने कहा कि राजनांदगांव की जनता की जो भी जरुरतें हैं उनको कांग्रेस पार्टी पूरा करेगी. निखिल द्विवेदी ने कहा कि बीजेपी के लोग ठगने का काम करते हैं. बीजेपी के पास एक ही चेहरा है जिसे वो बार बार रिपीट कर रहे हैं.