रायपुर:- धमतरी छत्तीसगढ़ में धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े महाराज प्रेमा साईं को व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। महाराज ने इस संबंध में थाना प्रभारी को विस्तृत लिखित शिकायत सौंपते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे, जब महाराज प्रेमा साईं अपने परिवार के साथ निजी यात्रा पर थे, उसी दौरान एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके व्हाट्सएप पर लगातार अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए। संदेशों में न केवल उन्हें बल्कि उनके परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
महाराज का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि प्रारंभिक जांच में उक्त मोबाइल नंबर जम्मू-कश्मीर क्षेत्र से संचालित प्रतीत हो रहा है।
घटना के बाद तत्काल शिकायत दर्ज नहीं हो पाने के कारण अब उन्होंने विधिवत आवेदन प्रस्तुत किया है, जिसमें व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और संबंधित मोबाइल नंबर का विवरण भी संलग्न किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराज प्रेमा साईं ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि राज्य के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्त वार्ता) एवं पुलिस महानिरीक्षक को भी प्रेषित की है, ताकि मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
आवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि आरोपी की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा उन्हें और उनके परिवार को आवश्यक सुरक्षा प्रदान की जाए।धार्मिक व्यक्तित्व को मिली इस प्रकार की धमकी ने कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।
