नई दिल्ली:– रागी एक सुपरफूड माना जाता है। इसमें कैल्शियम, आयरन, फाइबर और प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। अगर आप बारिश के मौसम में कुछ गर्म, हल्का और पोषण से भरपूर खाना चाहते हैं, तो रागी सूप एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यह न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि पाचन के लिए भी अच्छा माना जाता है। इसे रात के खाने में भी लेना एक हेल्दी चॉइस हो सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में सिर्फ 20 मिनट का समय लगता है।
रागी सूप बनाने के लिए सामग्री
2 बड़े चम्मच रागी का आटा
1 छोटा चम्मच घी या ऑलिव ऑयल
2–3 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा गाजर (कद्दूकस किया हुआ)
2 बड़े चम्मच स्वीट कॉर्न
1 कप दूध (ऑप्शनल)
2 कप वेजिटेबल स्टॉक या पानी
स्वादानुसार नमक
आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
थोड़ा-सा भुना जीरा पाउडर
हरा धनिया सजावट के लिए
रागी सूप बनाने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में रागी के आटे को थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह घोल लें। ध्यान रहे कि इसमें कोई गांठ न रहे।
अब एक पैन में घी या ऑलिव ऑयल गर्म करें। इसमें लहसुन और प्याज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद कद्दूकस की हुई गाजर और स्वीट कॉर्न डालकर 2-3 मिनट तक पकाएं।
अब पैन में वेजिटेबल स्टॉक या पानी डालें और उबाल आने दें। इसके बाद तैयार किया हुआ रागी का घोल धीरे-धीरे डालते जाएं और लगातार चलाते रहें, ताकि सूप स्मूद बने।
यदि आप सूप को ज्यादा क्रीमी बनाना चाहते हैं, तो इसमें दूध भी मिला सकते हैं। अब नमक, काली मिर्च और भुना जीरा पाउडर डालकर 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
जब सूप गाढ़ा हो जाए और अच्छी तरह पक जाए, तब गैस बंद कर दें। ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म सर्व करें।
रागी के फायदे
रागी में प्रचुर मात्रा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद फाइबर लंबे समय तक पेट भरा रखता है। जिससे वजन नियंत्रित रहता है। आयरन से भरपूर होने के कारण रागी शरीर में हीमोग्लोबिन को मेंटेन रखता है। वहीं, गरमा-गरम रागी सूप बारिश के मौसम में शरीर को गर्माहट देने के साथ-साथ इम्यूनिटी को भी बढ़ाता है।
