कोरबा :-जिले के नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ’सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बुधवारी बाजार स्थित ’आदिवासी शक्ति पीठ’ में वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

साथ ही महारक्तदान शिविर में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर के माध्यम से नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी, डीपीएम पद्माकर शिंदे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शिविर का अवलोकन कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों से संवाद करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने और जरूरतमंद नागरिकों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

’एक ही परिसर में अनेक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ’
मेगा स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों के लिए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में ओपीडी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र परीक्षण, टीबी स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड संबंधी सेवाएं तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए बीमारी की पहचान, उपचार एवं स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने के संबंध में जागरूक किया गया। आयुष विभाग द्वारा भी ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, पंचकर्म एवं योग संबंधी जानकारी, योगाभ्यास तथा निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। नागरिकों ने आयुष पद्धति से संबंधित सेवाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ प्राप्त किया।

शिविर में नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता के लिए विशेष स्टॉल भी लगाया गया। नागरिकों को अंगदान एवं नेत्रदान के महत्व की जानकारी प्रदान करते हुए संकल्प के लिए प्रेरित किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भी स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर में नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सहज और महत्वपूर्ण माध्यम है। नागरिकों की जागरूक भागीदारी से ऐसे सेवा अभियानों को निरंतर गति मिलती है। साथ ही आमजनो को शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया।

कलेक्टर श्री दुदावत ने किया रक्तदान, आमजन से सहभागिता की अपील,
28 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान’
महारक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं रक्तदान कर आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित सहित 28 लोगों ने ने भी स्वस्फूर्त रूप से रक्तदान किया। आम नागरिकों को रक्तदान के महत्व एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता के संबंध में जागरूक किया गया

इस अवसर पर कलेक्ट कुणाल दुदावत ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान के इस पुनीत अभियान में सहभागिता करनी चाहिए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें तथा रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में अपना योगदान दें। सामूहिक सहभागिता से रक्तदान अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है।
’अंगदान एवं नेत्रदान के संकल्प से मानव सेवा का संदेश’
शिविर में नागरिकों ने अंगदान एवं नेत्रदान का संकल्प लेकर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने नेत्रदान एवं काउंसलर श्रीमती वीणा मिस्त्री ने सहमति व्यक्त करते हुए अंगदान का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश दिया गया। रक्तदान करने वाले एवं अंगदान के लिए संकल्प लेने वालों को कलेक्टर श्री दुदावत द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

’भारतीय रेडक्रॉस नियमावली पुस्तक का विमोचन’
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेडक्रॉस नियमावली पुस्तक का विमोचन भी किया गया। पुस्तक के माध्यम से रेडक्रॉस की गतिविधियों, सेवा भावना एवं मानवीय सहायता से संबंधित जानकारी को व्यापक रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
’माय भारत वॉलंटियर्स ने निभाई सक्रिय भूमिका’
शिविर के सफल आयोजन में माय भारत के वॉलंटियर्स ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। वॉलंटियर्स द्वारा नागरिकों को विभिन्न स्टॉल एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सहयोग दिया गया तथा शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
’पुलिस विभाग द्वारा साइबर जागरूकता का संदेश’
शिविर के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस विभाग द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदेश एवं साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि में सावधानी बरतने की जानकारी दी जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवा, जन-जागरूकता और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ’वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा, जिसमें नागरिकों की सक्रिय सहभागिता ने अभियान के उद्देश्य को और अधिक सार्थक बनाया।’