कोरबा/ नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और शहर के समग्र विकास की दिशा में नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजू देवी राजपूत ने पंडित रविशंकर शुक्ल नगर एवं दादर चौक में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रमों में 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये के 10 विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
क्षइन कार्यों में नाली निर्माण, सीसी सड़क,आरसीसी शेड, कलवर्ट तथा सामुदायिक भवन के ऊपरी तल का निर्माण शामिल है। इनके पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और जल निकासी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता : मंत्री देवांगन
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि पंडित रविशंकर शुक्ल नगर लंबे समय से मुख्य सड़क, आंतरिक सड़कों और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहा था। ट्रिपल इंजन की सरकार नगर निगम के सभी 67 वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ा रही है। इसी कड़ी में पंडित रविशंकर शुक्ल नगर में विकास कार्यों की शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और शहर के हर वार्ड तक पहुंचे। वार्डों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान करते हुए कोरबा को बेहतर सड़कों, सुदृढ़ जल निकासी और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने बताया बीते तीन वर्षों में शहर के 60 से अधिक समाजों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। राजपूत क्षत्रिय समाज की मांग पर राम-जानकी मंदिर परिसर स्थित महाराणा प्रताप सभा भवन के ऊपरी तल के निर्माण एवं विस्तार के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए भी भूमिपूजन किया गया। भवन के विस्तार से सामाजिक आयोजनों और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि दादरखुर्द और मानिकपुर क्षेत्र में आरसीसी नाली, कलवर्ट और सीसी सड़क निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी गई है। इन कार्यों से क्षेत्र की लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
पहली बार इतनी तेज गति से हो रहा शहर का विकास : महापौर
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। बड़े सड़क प्रकल्पों के साथ वार्डों की छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जा रहा है।नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन के नेतृत्व और निरंतर प्रयासों से नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

इन 10 विकास कार्यों की रखी गई आधारशिला
वार्ड क्रमांक 26 में एमआईजी में जायसवाल दुकान के बगल से एमआईजी तक नाली निर्माण के लिए 16 लाख रुपये, आरएसएस नगर में शंकर शर्मा के घर से एलआईजी-105 स्थित रवि जायसवाल के घर होते हुए एलआईजी-130 तक नाली निर्माण के लिए 8 लाख रुपये और एलआईजी में महेश शुक्ला की लाइन में नाली निर्माण के लिए 5 लाख 20 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।वाल्मीकि आवास में मकान क्रमांक 32 से 52 तक नाली एवं सीसी सड़क निर्माण पर 6 लाख रुपये तथा हनुमान मंदिर के पास आरसीसी शेड निर्माण पर 5 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। कृष्णा नगर में आंगनबाड़ी के बगल से रविंद्र सिंह के घर के पास तक नाली निर्माण के लिए 15 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 28 में राम-जानकी परिसर स्थित महाराणा प्रताप सभा भवन के ऊपरी तल के निर्माण एवं विस्तार के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मानिकपुर एवं दादरखुर्द क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 33-34 के डिपरापारा मानिकपुर में आरसीसी नाली एवं कलवर्ट निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 34 के दादरखुर्द में नाले के पास मंगल भवन से गोपेश्वर सिंह के घर तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 25 लाख 50 हजार रुपये तथा पुरानी बस्ती में जीवन पटेल के घर से सवाई अंकल के घर तक सीसी पेविंग एवं नाली निर्माण के लिए 22 लाख 30 हजार रुपये के कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान,सुनीता चौहान और नारायण कुर्रे, एमआईसी सदस्य चंद्रकली जायसवाल, राजपूत क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष अवधेश सिंह,पार्षद वर्षा दिनेश वैष्णव, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, प्रताप सिंह कंवर, चंद्रमा सिंह राजपूत,मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर,दिनेश वैष्णव, सुधा झा, एल्डरमैन दीपक यादव, दीनू महाराज,शैली राय, श्रीधर द्विवेदी और दुष्यंत तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

