नई दिल्ली:– देशभर में मानसूनी और प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 17 जून को देश के 21 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भी तेज बारिश और तूफान का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में गरज-चमक के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी के कारण बड़े-बड़े पेड़ उखड़ सकते हैं, इसलिए घने जंगलों और खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। 17 जून को भी तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी चेतावनी जारी की गई
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं उत्तराखंड के नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी असर
पंजाब और हरियाणा में हाल के दिनों में हुई बारिश और आंधी के कारण तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 17 जून तक इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। बिहार के कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
