रायपुर : आज यानी बुधवार से छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र प्रारम्भ होने जा रहा है. मानसून सत्र में जहां विपक्ष अपने तीखे सवालों से सत्तापक्ष पर प्रहार करने की तैयारी में है तो वहीँ कई मुद्दों पर गहमागहमी के आसार भी बन रहे हैं.इसी के साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के इस्तीफे की गूँज भी सदन में देखने को मिल सकती है.
विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी! विधानसभा की परंपरा के मुताबिक सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। सबसे पहले बजट सत्र के बाद दिवंगत हुए नेताओं को श्रद्धांजलि दी जानी है। इसमें दिवंगत पूर्व सांसद चक्रधारी सिंह और पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी को श्रद्धांजलि दी जानी है। श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित होगी। उसके बाद प्रश्नकाल शुरू होगा।
पहले दिन वन विभाग, ऊर्जा, नगरीय प्रशासन और खनिज विभाग से सवाल पूछे जाने हैं।मानसूत्र सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, इस सत्र में प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाया जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्री के इस्तीफे के बाद जो संवैधानिक संकट की स्थिति निर्मित हुई है उस पर भी हम जवाब चाहेंगे। कौशिक ने कहा, ऐसे कई मुद्दे हैं जिन्हें लेकर विपक्ष मुखरता से सरकार को घेरेगा।प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है।
अनाचार, हत्या, लूट, अपहरण, जैसी अपराधिक घटनाएं लगातार घटित हो रही हैं। प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस पर अंकुश लगाने में असफल है। किसानों के सामने खाद, बीज का संकट है। इन मुद्दों पर हम सरकार से जवाब चाहेंगे।इधर, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मानसून सत्र में अनेक सवाल, ध्यानाकर्षण, स्थगन लगाए गए हैं। हमारी बैठक भी हो गई है। हमारी पूरी तैयारी है, पूरी तैयारी के साथ हमारे साथी उसका जवाब देंगे।