छत्तीसगढ़:– पेंडरवा गांव में मुस्लिम परिवार पर हमले और हत्या के मामले में आक्रोश बढ़ गया है। पीड़ित परिवार और मुस्लिम समाज ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के पेंडरवा में मुस्लिम परिवार पर हुए हमले और हत्या का मामला गरमाया हुआ है। इसी को लेकर आज बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पीड़ित परिवार के साथ रैली निकालकर एसपी ऑफिस पहुंचे। मुस्लिम समाज और पीड़ित परिजनों ने घटना पर आक्रोश जाहिर करते हुए SSP से दोषियों पर सख्त कार्रवाई, फांसी की सजा देने और आरोपी नाबालिगों पर कड़ा एक्शन लेते हुए आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई, साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की मांग की है।
SSP ने जांच का दिलाया भरोसा
परिजनों ने बताया कि घटना से पूरा परिवार आहत हुआ है, बुजुर्ग महिला की हत्या हो गई है, ऐसे में दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर पुलिस को नज़ीर पेश करनी चाहिए। मुस्लिम समाज और परिजनों की मांग पर SSP ने घटना की जांच के लिए DSP लेवल पर जांच टीम का गठन किया है। SSP ने भरोसा दिलाया है कि गहन और गंभीर जांच के साथ आरोपियों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी। पुलिस की यह कोशिश होगी कि आरोपी सलाखों के पीछे रहें। SSP ने आरोपियों की संपत्तियों की जांच के साथ इस पर भी कार्रवाई की बात कही है।
1 अप्रैल को किया था हमला
गौरतलब है कि बीते 1 अप्रैल को रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में मुस्लिम परिवार पर गांव के ही सुरेश श्रीवास और उसके बेटों ने जानलेवा हमला किया था। वारदात में 65 वर्षीय मुराद बेगम की हत्या हो गई थी और परिवार के 7 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास, दो नाबालिग सहित पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास को गिरफ्तार किया है। हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
