छत्तीसगढ़:– विधानसभा में आज डेढ़ लाख महिलाओं के महतारी वंदन की राशि बंद होने का मामला गूंजा। विपक्ष के सदस्यों ने इसे लेकर विभागीय मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पर सवालों की झड़ी लगा दी, जिसका मंत्री संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। नाराज विपक्ष के सदस्यों ने सदन की कार्यवाही का वॉकआउट कर अपना आक्रोश जताया।
प्रश्नकाल में कांग्रेस सदस्य उमेश पटेल ने यह मामला उठाते हुए पूछा कि इस योजना के शुरू होने पर कितनी महिलाओं को इसका लाभ दिया जा रहा था और वर्तमान में इनके हितग्राहियों की संख्या कितनी है। विपक्षी सदस्य ने यह भी जानना चाहा कि 1 लाख 55 हज़ार 655 महिलाओं को यह राशि क्यों बंद कर दी गई है। चर्चा के दौरान उमेश पटेल ने पूछा कि इस योजना का पोर्टल कब खुलेगा और नए हितगाही जोड़े जायेंगे।
जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि जिन हितग्राहियों का KYC नहीं हुआ था उनके नाम हटाए गए इसके अलावा कुछ लोगों ने गलत जानकारी दी और इस योजना का लाभ उठा रहे थे ऐसे लोगों के नाम पात्रता सूची से हटाए गए हैं। मंत्री के जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदन की कार्यवाही से वॉकआउट कर दिया।
