मध्यप्रदेश:– बजरिया थाना क्षेत्र में एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दो लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्म करने वाला आरोपित उसके घर के पास रहता है। वह पहले महिला को धमकाकर एक कमरे में ले गया और उसे नशीला पदार्थ पिलाया। इसके बाद जब महिला बेहोश हो गई तो अपने दोस्त के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
महिला ने अपनी मां के साथ जाकर बजरिया पुलिस थाने में आरोपितों की शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच कर रहीं एसआई भावन तोमर के अनुसार पीड़ित महिला भीम नगर की रहने वाली है। उसकी शादी खुरई में हुई थी, लेकिन पति से विवाद के बाद वह छह महीने पहले वापस अपने मायके आ गई थी। यहां भी भाई और भाभी से उसका विवाद हुआ तो वह वल्लभ नगर में किराये से रहने लगी।
इस दौरान महिला की ऋषि कुशवाहा से दोस्ती हुई। ऋषि भी उसी इलाके में रहता है और सब्जी का ठेला लगाता है। शनिवार को ऋषि ने महिला को किसी बहाने से बुलाया और धमकाकर भोपाल स्टेशन के पास गरम गड्ढा स्थित एक कमरे पर ले गया।
यहां उसने महिला को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और फिर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात उससे पहले खुद दुष्कर्म किया और बाद में अपने एक दोस्त को बुला लिया और सामूहिक दुष्कर्म किया। सुबह महिला को होश आने पर वह अपने घर पहुंची और रविवार रात को अपनी मां के साथ पुलिस थाने में शिकायत की। पुलिस ने ऋषि और उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
