नई दिल्ली:-:साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरने वाली पॉपुलर एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म को लेकर खासी सुर्खियों में बनी हुई हैं। भारत की पहली फीमेल-लेड पैन-इंडिया फिल्मों में शुमार इस प्रोजेक्ट का नाम ‘मैसा’ है, जो सिनेमाघरों में 27 नवंबर 2026 को रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
फिल्म के टीजर को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब मेकर्स ने इसके फर्स्ट सॉन्ग की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान ने दर्शकों की उत्सुकता को और ज्यादा बढ़ा दिया है, क्योंकि यह प्रोजेक्ट पारंपरिक एक्शन फिल्मों से काफी अलग होने वाला है।
बाप और बेटी के अनोखे रिलेशन की कहानी
अब तक भारतीय सिनेमा में बाहुबली या केजीएफ जैसी कई बड़ी एक्शन फिल्में आई हैं, जिनमें अहम रूप से मां और बेटे के रिश्ते की भावनात्मक गहराई को पर्दे पर दिखाया गया है। हालांकि ‘मैसा’ इन सभी से बिल्कुल अलग एक नए ट्रैक पर चलने वाली है।
इस फिल्म की कहानी आदिवासी कहानी पर बुनी गई है, जिसमें एक पिता और बेटी के बीच के अटूट और मजबूत रिश्ते को बहुत ही संवेदनशीलता के साथ पिरोया गया है। डायरेक्टर रवींद्र पुल्ले इस अनोखी कहानी के जरिए दर्शकों को एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देने जा रहे हैं जो हिंदी और साउथ सिनेमा में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकता है।
