नई दिल्ली:-: डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ऑनलाइन ठगी और बैंक खातों से अनधिकृत लेनदेन के मामले भी चिंता का विषय बने हुए हैं। साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसी खतरे को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ग्राहकों की बैंकिंग सुरक्षा मजबूत करने के लिए दो नए फीचर प्रस्तावित किए हैं। इनमें ‘स्टॉप स्विच’ (Stop Switch) और ‘ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म’ (Trusted Person Mechanism) शामिल हैं।
इन प्रस्तावित व्यवस्थाओं का मकसद साइबर धोखाधड़ी की आशंका होने पर खाते से पैसे निकलने पर रोक लगाना और बड़े डिजिटल ट्रांजैक्शन को अतिरिक्त सुरक्षा देना है।
इस फीचर के सक्रिय होते ही खाते से नए डिजिटल भुगतान नहीं हो सकेंगे। साथ ही नए पेमेंट मैंडेट और स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन बनाने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा किसी नए थर्ड पार्टी ऐप पर यूपीआई (UPI) रजिस्ट्रेशन भी नहीं किया जा सकेगा।
मोबाइल ऐप ही नहीं, ATM और बैंक जाकर भी कर सकेंगे इस्तेमाल
इस सुविधा की खास बात यह है कि इसे सक्रिय करने के लिए ग्राहक को केवल स्मार्टफोन या इंटरनेट बैंकिंग पर निर्भर नहीं रहना होगा। प्रस्ताव के मुताबिक, बैंक के मोबाइल ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, नजदीकी ATM, बैंक शाखा या कस्टमर केयर के माध्यम से भी स्टॉप स्विच को चालू और बंद करने की सुविधा मिलेगी।
आसानी से बंद नहीं कर पाएंगे साइबर ठग
RBI ने इस बात को भी ध्यान में रखा है कि यदि किसी ठग के हाथ ग्राहक का मोबाइल या बैंकिंग एक्सेस लग जाए, तो वह सुरक्षा फीचर को निष्क्रिय न कर सके। इसके लिए स्टॉप स्विच बंद करने की प्रक्रिया में कई स्तरों पर ग्राहक का सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा स्विच बंद करने का अनुरोध मिलने के बाद एक निर्धारित कूलिंग पीरियड भी रखा जाएगा। इससे जल्दबाजी में या अनधिकृत तरीके से सुरक्षा व्यवस्था हटाना मुश्किल होगा।
स्टॉप स्विच हटाने के लिए जाना होगा बैंक
प्रस्ताव में, पहले से तय किए गए रिकरिंग पेमेंट, स्टैंडिंग पेमेंट इंस्ट्रक्शन्स और बैंक की ओर से बकाया फीस/चार्ज या लोन की किस्त वसूलने के लिए की जाने वाली कटौती को भी इस रोक के दायरे से बाहर रखा गया है। खाते से ट्रांजैक्शन दोबारा शुरू करने के लिए ग्राहक को अपने बैंक की ब्रांच में जाकर अपनी पहचान की पुष्टि करनी होगी। इसके बाद बैंक ‘स्टॉप स्विच’ हटाकर डिजिटल पेमेंट की सुविधा बहाल कर सकेगा। हालांकि, बैंक इसके लिए कुछ समय की प्रतीक्षा अवधि या सुरक्षा के अन्य उपाय लागू कर सकेंगे।
ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म से बड़े ट्रांजैक्शन पर रहेगी नजर
RBI का दूसरा प्रस्तावित फीचर ‘ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म’ है। इसके तहत ग्राहक अपने परिवार के किसी सदस्य या 18 वर्ष से अधिक उम्र के भरोसेमंद व्यक्ति को अपने बैंक खाते के लिए ट्रस्टेड पर्सन नामित कर सकेगा।
ग्राहक इस व्यवस्था के तहत पहले से ही एक निश्चित रकम की सीमा तय कर सकेगा। यदि खाते से RTGS या NEFT के जरिए निर्धारित सीमा से अधिक राशि ट्रांसफर की जाती है, तो बैंक पहले ट्रस्टेड पर्सन को अलर्ट भेजेगा।
प्रस्ताव के अनुसार, एक घंटे के भीतर ट्रस्टेड पर्सन की मंजूरी मिलने के बाद ही संबंधित ट्रांजैक्शन आगे बढ़ सकेगा।
बुजुर्गों और डिजिटल बैंकिंग में नए ग्राहकों को मिलेगा फायदा
ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें डिजिटल बैंकिंग की ज्यादा जानकारी नहीं है। इसमें बुजुर्ग और ऑनलाइन बैंकिंग का सीमित इस्तेमाल करने वाले ग्राहक भी शामिल हैं। किसी अनजान व्यक्ति के दबाव या झांसे में आकर बड़ी रकम ट्रांसफर करने से पहले अतिरिक्त सुरक्षा मिल सकेगी।
कुल मिलाकर, RBI के ये दोनों प्रस्ताव डिजिटल बैंकिंग को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। हालांकि, ये प्रस्तावित व्यवस्थाएं हैं और इनके लागू होने की प्रक्रिया तथा अंतिम नियमों के लिए RBI की आधिकारिक अधिसूचना का इंतजार करना होगा।
