झांसी:- भारत में हर रोज नई तकनीक खोजी जा रही है. कृषि क्षेत्र में भी काम आसान हो सके इसलिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसा ही एक आविष्कार झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी ने किया है. विश्वविद्यालय के विद्यार्थी मोहित कुमार ने ऐसी तकनीक को खोज निकाला है जिससे किसानों को कई बार खेत में पानी शुरू करने के लिए और पानी बंद करने के लिए चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
मोहित कुमार ने बताया कि उनकी मशीन ऑटोमेटिक सेंसर पर काम करती है. उनकी मशीन में आप यह तय कर सकते हैं कि खेत में लगी फसल के अनुसार जमीन को कितनी नमी चाहिए. इसके आधार पर सेंसर पानी के सप्लाई को ऑटोमेटिक बंद कर देता है. किसानों को सिर्फ अपने खेत में लगे मोटर के साथ इस सेंसर के एक हिस्से को जोड़ना होगा. दूसरे हिस्से को खेत की मिट्टी में लगाना होगा. इसके बाद जैसे ही मिट्टी में पानी की पर्याप्त संख्या हो जायेगी तो सेंसर पानी के सप्लाई को रोक देगा.
हर किसान के लिए होगा उपलब्ध मोहित ने बताया कि उन्होंने अक्सर देखा है कि किसानों को सुबह उठकर खेत में पानी चलाने के लिए जाना पड़ता है. कई बार देर रात पानी बंद करने के लिए जाना पड़ता है. किसानों को इस समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए ही उन्होंने यह सेंसर सिस्टम बनाया है. इसकी मदद से मशरूम की खेती करने वाले किसानों को भी बहुत फायदा मिलेगा. इसको जल्द ही पेटेंट करवा के कमर्शियल बाजार में उतारने की योजना है. मोहित ने कहा कि इस सेंसर की कीमत वह इतनी ही रखेंगे की हर किसान इसे खरीद सके.
