नई दिल्ली:– सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तूता में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर लगभग 200 फलदार पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में CSP नवा रायपुर, CSP माना, थाना प्रभारी अभनपुर, थाना के अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस दौरान लगाए गए लगभग 200 फलदार पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया गया, ताकि भविष्य में ये पौधे विकसित होकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ग्रामीण क्षेत्र को हरित और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत भविष्य में भी इस तरह के जनहित और पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
