नई दिल्ली:– ओडिशा के कटक जिले में बड़ा रेल हादसा हुआ, जहां नेरगुंडी रेलवे स्टेशन के पास कामाख्या एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह ट्रेन बेंगलुरु से असम के गुवाहाटी स्थित कामाख्या स्टेशन जा रही थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि रेलवे प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेलवे और राज्य सरकार की टीमें मौके पर मौजूद हैं।
रेलवे ने दुर्घटना में फंसे यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8455885999 और 8991124238 जारी किए हैं। इन नंबरों पर कॉल करके यात्री या उनके परिजन किसी भी जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं। राहत कार्य में एनडीआरएफ और ओडिशा अग्निशमन सेवा की टीमें भी मदद कर रही हैं।
तीन ट्रेनों के रूट बदले गए
रेल हादसे के चलते धौली एक्सप्रेस, नीलाचल एक्सप्रेस और पुरुलिया एक्सप्रेस का रूट बदल दिया गया है। ईस्ट कोस्ट रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि हमारी प्राथमिकता राहत कार्य पूरा कर ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करना है। वहीं, असम सरकार भी रेलवे प्रशासन और ओडिशा सरकार के संपर्क में है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि उनकी सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार है।
जांच के बाद सामने आएगा हादसे का कारण
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पूर्वी तट रेलवे के सीपीआरओ अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि राहत ट्रेन और आपातकालीन चिकित्सा सहायता मौके पर भेजी जा चुकी है। फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और राहत कार्य पूरा करना है।
