नई दिल्ली:– इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार पहुंचे हुए हैं। अमित शाह ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि बिहार के इतिहास में लालू सरकार के कार्यकाल को जंगल राज के लिए जाना जाएगा।
इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार विधानसभा में विपक्षऔर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान लोगों द्वारा की गई बड़ी-बड़ी घोषणाएं चुनाव के बाद महज बयान बनकर रह जाती हैं।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी ने क्या कहा?
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, “जब चुनाव होता है, तो बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जाती हैं, जो चुनाव के बाद महज बयान बनकर रह जाती हैं। अगर वह कह रहे हैं कि पीएम मोदी ने बिहार को पैसा दिया है, तो उन्हें यह बताना चाहिए कि किन-किन क्षेत्रों में वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने यह नहीं बताया कि पिछले 20 सालों में क्या-क्या काम किए गए हैं। ”
क्या बोली आरजेडी सांसद मीसा भारती?
आरजेडी सांसद मीसा भारती ने सुझाव दिया कि अमित शाह को अपने दौरे से पहले खुद को यह बता लेना चाहिए था कि लालू प्रसाद ने ही राज्य में कारखाने लगाए और विश्वविद्यालय स्थापित किए। मीसा भारती ने पटना में संवाददाताओं से कहा, “जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तब अगर किसी ने बिहार को कारखाने दिए, तो वह लालू यादव हैं। उन्होंने यहां तीन कारखाने लगवाए। लालू यादव और राबड़ी देवी की सरकार ने बिहार को छह विश्वविद्यालय दिए। सातवां विश्वविद्यालय नहीं है। अमित शाह को पटना आने से पहले जानकारी ले लेनी चाहिए थी।”
अमित शाह ने लालू के कार्यकाल को बताया जंगल राज
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि लालू प्रसाद यादव के 1990-2005 के कार्यकाल के दौरान “जंगल राज” का दौर था और उनकी सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन में डूबी हुई थी। “1990 से 2005 तक लालू यादव की सरकार ने बिहार में क्या किया? लालू यादव की सरकार ने पूरे राज्य में चारा घोटाला करके देश और दुनिया में बिहार को बदनाम किया। गृह मंत्री ने कहा, “बिहार के इतिहास में उनकी सरकार को हमेशा ‘जंगल राज’ के रूप में जाना जाएगा।”
सीएम नीतीश और पीएम मोदी से पिछले सरकार का किया कम्पैरिजन
अपने संबोधन से पहले, अमित शाह ने बिहार में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन के दौरान, शाह ने पिछले प्रशासन की तुलना नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन से भी की। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार के कार्यकाल में हर गांव में सड़क, बिजली और नल का पानी पहुंचा है। आज पीएम मोदी ने बिहार के गरीबों को घर, शौचालय, पानी, दवा और राशन देकर आगे बढ़ाने का काम किया है।”
गृह मंत्री अमित शाह फिलहाल बिहार के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शनिवार को अपने आगमन पर, उन्होंने स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की। उनका यह दौरा इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है।
