छत्तीसगढ़ :– शासन ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया है। शासन का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और स्कूलों में शिक्षकों की समय पर मौजूदगी सुनिश्चित करना है। लेकिन सरगुजा संभाग के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में यह व्यवस्था अब सवालों के घेरे में है, सरगुजा संभाग के बहुत से स्कूल है जहां नेटवर्क की समस्या बनी हुई हैl
शिक्षक तो स्कूल पहुंच रहे हैं लेकिन चेकिंग और चेक आउट की काफी समस्या भी उत्पन्न हो रही है क्योंकि कई स्कूल आज भी नेटवर्क की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं।शिक्षा विभाग का दावा है कि सरगुजा संभाग के करीब 95 प्रतिशत शिक्षक VSK ऐप का उपयोग कर रहे हैं, जबकि शेष 5 प्रतिशत मामलों की समीक्षा की जा रही है। संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग संजय गुप्ता का कहना है कि जहां नेटवर्क की समस्या है, वहां शासन से मार्गदर्शन लेकर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
हालांकि दूसरी ओर शासन के निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर वेतन कटौती का भी प्रावधान है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या तकनीकी खामियों और नेटवर्क की समस्या का खामियाजा दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों को भुगतना पड़ेगा, या फिर शासन इसके लिए कोई व्यावहारिक समाधान निकालेगा।
